रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और इसके सीन व डायलॉग दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हो चुके हैं। अब फिल्म के क्लाइमैक्स को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। फिल्म के SFX सुपरवाइजर विशाल त्यागी ने एक पॉडकास्ट में बताया कि ‘धुरंधर 2’ में दिखाए गए धमाके असली थे। खास तौर पर रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल के क्लाइमैक्स सीन को शूट करने में करीब 500 लीटर पेट्रोल का इस्तेमाल किया गया था।
विशाल ने बताया कि आमतौर पर छोटे धमाके कर उन्हें CGI के जरिए बड़ा दिखाया जाता है, लेकिन फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर CGI का इस्तेमाल नहीं करना चाहते थे, खासकर विस्फोट वाले सीन में। इसलिए टीम ने असली धमाकों के साथ शूटिंग करने का फैसला लिया।
उन्होंने बताया कि क्लाइमैक्स में दिखाया गया टैंकर विस्फोट सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण था। इसमें उड़ने वाले सभी टुकड़े असली थे और रणवीर सिंह इसके बेहद करीब से गुजर रहे थे। ऐसे में टीम को यह सुनिश्चित करना था कि आग उनकी पहुंच से दूर रहे। विशाल ने एक्टर को सटीक मूवमेंट समझाया और पूरा सीन बेहद सावधानी से फिल्माया गया।
सुरक्षा कारणों के चलते इस सीन से अर्जुन रामपाल को विस्फोट से पहले हटा लिया गया। विशाल ने माना कि उन्हें रणवीर की सुरक्षा को लेकर चिंता थी, लेकिन एक्टर पूरे समय शांत और आत्मविश्वास से भरे रहे। शॉट पूरा होने के बाद रणवीर ने टीम की जमकर तारीफ की।
विशाल त्यागी के मुताबिक, इस धमाके को असली बनाने के लिए ट्रेन बेस और कंटेनरों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि प्रोडक्शन टीम ने शुरुआत में 250 लीटर ईंधन की अनुमति दी थी, लेकिन उन्होंने 500 लीटर ईंधन की मांग की। साथ ही, हर टैंक में करीब 25 किलो बारूद डाला गया ताकि विस्फोट प्रभावशाली नजर आए। उन्होंने कहा कि यह पूरा सीन बेहद जोखिम भरा था, लेकिन टीम ने पूरी तैयारी और भरोसे के साथ इसे सफलतापूर्वक पूरा किया।




