नई दिल्ली। मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत गंभीर है। वो एम्स में वेंटीलेटर पर हैं। राजू श्रीवास्तव को दिल का दौरा पड़ने के बाद बुधवार को एम्स में भर्ती कराया गया था। राजू श्रीवास्तव को पूर्वाह्न करीब पौने 11 बजे एम्स के आपातकालीन इकाई में ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर हैं और उन्हें आईसीयू में वेंटीलेटर पर रखा गया है।
राजू श्रीवास्तव के भाई अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि राजू श्रीवास्तव को व्यायाम करते समय दिल का दौरा पड़ा। उन्होंने कहा, “वह नियमित व्यायाम कर रहे थे और ट्रेडमिल पर दौड़ते समय वह अचानक गिर गए। उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्हें तत्काल एम्स अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। राजू की हालत नाजुक बनी हुई है। राजू के दिल की धमनियों में कई ब्लॉकेज हैं। जब से राजू के बीमार होने की खबर सामने आई है, उनके करोड़ों फैंस में निराशा है और सभी उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज, कॉमेडी सर्कस, द कपिल शर्मा शो, शक्तिमान जैसे टीवी शो के अलावा राजू श्रीवास्तव ने कई हिंदी फिल्मों में भी अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। 58 साल के राजू श्रीवास्तव भाजपा के नेता व उप्र फिल्म विकास निगम के चेयरमैन भी हैं।