International

कर्नाटक के चलगेरी का रहने वाला था यूक्रेन में मृतक छात्र, खारकीव की मेडिकल यूनिवर्सिटी में कर रहा था पढ़ाई

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच छह दिनों से चल रही जंग में मंगलवार को एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। विदेश मंत्रालय द्वारा किये गए ट्वीट के मुताबिक, भारतीय छात्र को यूक्रेन के खारकीव में हुई बमबारी में मौत हुई है। रूस के हमले से अब तक यूक्रेन में 352 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 16 बच्चे भी शामिल हैं।

छात्र की पहचान नवीन शेखरप्पा (22) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कर्नाटक के चलगेरी का रहने वाला है। नवीन खारकीव की मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था। आज सुबह खारकीव में हुई गोलाबारी में भारतीय छात्र की मौत हो गई। नवीन की मौत रेस्क्यू के दौरान हुए हमले में हुई। विदेश मंत्रालय ने छात्र की मौत पर दुख जताया है।

बता दें कि खारकीव में अब भी कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। इसके अलावा यूक्रेन के लवीव में भी भारतीय छात्र हैं। ये इलाका पोलैंड की सीमा से सटा हुआ है। ज्यादातर लोग यहां से सुरक्षित तरीके से बाहर जाना चाहते हैं। यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को बचाने की कोशिश जारी है। सरकार भारतीयों को वापस लाने के लिए ऑपरेशन गंगा चला रही है। इसकी शुरुआत 26 फरवरी को हुई थी। इस मुहिम के तहत अब तक 2 हजार से ज्यादा भारतीयों को वापस लाया जा चुका है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH