Top NewsUttar Pradesh

ताजमहल में गूंजा ‘डी पैन मैन’ का संगीत, विदेशी कलाकार जोशुआ रेग्रेलो ने दी अनोखी प्रस्तुति

आगरा में सोमवार सुबह ताजमहल का नजारा कुछ अलग था। संगमरमर की शांति और ऐतिहासिक खूबसूरती के बीच मधुर संगीत की धुनें गूंज रही थीं। यह संगीत था त्रिनिडाड एंड टोबैगो के मशहूर संगीतकार और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर जोशुआ रेग्रेलो, जिन्हें ‘डी पैन मैन’ के नाम से जाना जाता है, की प्रस्तुति का।

जोशुआ ने ताजमहल के सेंट्रल टैंक के सामने अपने विशेष वाद्य ‘स्टील पैन’ पर करीब एक घंटे तक संगीत प्रस्तुत किया। उनकी मनमोहक धुनों ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान पुलिस, एएसआई अधिकारियों और वीडियोग्राफर की टीम मौजूद रही।

वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि जोशुआ ने एएसआई मुख्यालय से विशेष अनुमति लेकर यह परफॉर्मेंस दी और वीडियो शूट किया। लगभग एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम के दौरान ताजमहल के शांत वातावरण में संगीत की गूंज ने एक अद्भुत माहौल बना दिया जोशुआ रेग्रेलो के नाम दो विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं  पहला, लगातार 30 घंटे तक ‘स्टील पैन’ बजाने का रिकॉर्ड, जो उन्होंने दिसंबर 2023 में बनाया था, और दूसरा ‘क्रोम म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट’ बजाने का रिकॉर्ड, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

ताजमहल में प्रस्तुति के बाद जोशुआ ने मेहताब बाग में भी वीडियो शूट किया, जहां उन्होंने यमुना के उस पार से ताजमहल की खूबसूरती के बीच अपनी धुनें बिखेरीं। उनका उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक धरोहर और ताजमहल की भव्यता को संगीत के माध्यम से पूरी दुनिया तक पहुंचाना था।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH