लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक ट्वीट ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। उनके ट्वीट के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल, यूपी में बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर काफी दिनों से अटकलों का दौर जारी है लेकिन इसी बीच रविवार को केशव प्रसाद मौर्य ने एक ट्वीट कर सभी को चौंका दिया।
संगठन सरकार से बड़ा है!
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) August 21, 2022
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “संगठन सरकार से बड़ा है!”. इस ट्वीट के बाद स्पष्ट हो गया है कि राज्य में जल्द ही कोई नया राजनीतिक बदलाव होने वाला है। वहीं ये भी चर्चा शुरू हो गई कि क्या डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अपना पद छोड़ने जा रहे हैं।
यह ट्वीट यूपी के डिप्टी सीएम ने गाजियाबाद में बीजेपी नेताओं की एक बैठक के बाद किया। दरअसल, कल गाजियाबाद में यूपी के संगठन महामंत्री धर्मपाल पहली बार यूपी आए और एक बैठक की जिसमें यूपी सरकार के कई सारे मंत्री मौजूद थे। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के लिए बीजेपी को किसी ओबीसी चेहरे की तलाश है। ऐसे में डिप्टी सीएम के ट्वीट ने इस बात की संभावना बढ़ा दी है कि उन्हें अब पार्टी सरकार के बदले संगठन की जिम्मेदारी देगी।




