RegionalTop News

आईटी में करियर की ऊंची उड़ान की राह हुई आसान, सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड के युवाओं को दी शानदार सौगात

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की युवा पीढ़ी का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. करियर निर्माण के लिए नई पीढ़ी को रास्ता दिखाने एवं नया आयाम जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी है. इसी कड़ी में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और एचसीएल टेक के बीच प्लेसमेंट लिंक्ड बेस्ड प्रोग्राम ‘टेक बी’ के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर एक बड़ा कदम है. वे आज झारखंड मंत्रालय में इस बाबत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि इस पहल से राज्य के युवाओं को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के क्षेत्र में उज्वल भविष्य का सपना साकार करने का मौका मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने 12 वीं कक्षा के बाद से ही झारखंड के विद्यार्थियों को आईटी सेक्टर से जोड़ने की दिशा में एचसीएल के ‘टेक बी’ कार्यक्रम की सराहना की. उन्होंने कहा कि यहां की युवा पीढ़ी को तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के साथ जॉब उपलब्ध कराने के लिए अगर कोई कंपनी/ संस्थान पहल करती है, तो उसे राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी. उन्होंने कहा कि सरकार बच्चे-बच्चियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित होकर काम कर रही है.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH