लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां सरकारी स्कूल के एक टीचर पर छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है। टीचर का नाम इश्तियाक अहमद है। स्कूल की छात्राओं ने आरोपी टीचर इस्तियाक का घिनौना चैप्टर अपने परिजनों के सामने खोला। बच्चियों की बात सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। एफआईआर दर्ज कराये जाने के बाद आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि इश्तियाक की इन्हीं गंदी हरकतों से डरी सहमी 9 छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। स्कूल न जाने की वजह पूछने पर छात्राओं ने अपने परिजनों को टीचर की करतूत की जानकारी दी थी। स्कूल छोड़ने वाली 9 छात्राओं ने बताया था कि टीचर इश्तियाक उनकी क्लास में पढ़ाते समय अपनी कुर्सी छोड़कर उनकी बेंच पर बैठ जाता था। उनकी पीठ पर हाथ फेरता था और उनके प्राइवेट पार्ट्स को टच करता था। वो उनसे अंडरगारमेंट्स के बारे में गंदी बातें भी करता था। बच्चियों के परिजन जब पूरा मामला पता चलने के बाद स्कूल पहुंचे तो इश्तियाक अहमद स्कूल छोड़कर भाग गया था।
शुक्रवार को इलेक्ट्रानिक सर्विलांस की मदद से इश्तियाक अहमद को पकड़ लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है। टीचर की इस हरकत को लेकर पूरे क्षेत्र में गुस्सा है। खासकर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता आक्रोशित हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक बच्ची के परिजन ने बताया कि जब बच्ची पढ़ने जाती थी तब वो उनकी कमर में हाथ फेरता था और अकेले में मिलने के लिए बुलाता था। पीड़ित परिजन ने आगे बताया कि उनके बच्चे डरे हुए हैं और बड़े अधिकारियों को फोन करने पर हमारी सुनवाई हुई है। इसी के साथ बच्ची के परिजन ने कहा कि अब वो दुबारा उस स्कूल में बच्चों को पढ़ने के लिए भेजेंगे ही नहीं।
पकड़ा गया आरोपी शिक्षक इश्तियाक सबलपुर गांव का मूल निवासी है। पूछताछ से पता चला कि आरोपी शिक्षक की दो साल पहले शादी हुई थी। पढ़ने में वह तेज तर्रार था। उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक थी लेकिन स्कूल में गलत हरकत करने से बाज नहीं आ रहा था। पुलिस की गिरफ्त में आने पर वह तरह-तरह के बहाने बना रहा था लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसकी बहानेबाजी काम नहीं आई। आरोपी शिक्षक के खिलाफ धारा 354, पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस शनिवार को अदालत के समक्ष पेश करेगी। वहीं मामला सामने आने के बाद BSA बीपी सिंह ने उसे सेवा समाप्ति का नोटिस भी जारी किया गया है।




