NationalTop News

अहमदाबाद विमान हादसे में बांसवाड़ा के डॉक्टर परिवार की दर्दनाक मौत, रुला देगी बच्चों संग आखिरी सेल्फी

अहमदाबाद: एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के भीषण हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। लंदन जा रही इस फ्लाइट के टेक-ऑफ के कुछ ही मिनट बाद हुए क्रैश में अब तक 265 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में बांसवाड़ा के डॉक्टर प्रतीक जोशी, उनकी पत्नी डॉ. कोनी व्यास और तीन मासूम बच्चों की मौत ने सभी को गमगीन कर दिया है।

डॉ. प्रतीक जोशी और उनकी पत्नी डॉ. कोनी अपने तीनों बच्चों—प्रद्युत, मिराया और नकुल—के साथ लंदन शिफ्ट हो रहे थे। प्रतीक जोशी पहले से ही लंदन में प्रैक्टिस कर रहे थे, जबकि कोनी व्यास उदयपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत थीं। उन्होंने हाल ही में अपनी नौकरी से इस्तीफा दिया था ताकि पूरा परिवार लंदन में एक साथ रह सके।

हादसे में टूट गया सपना, बिखर गया परिवार

जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर दंपत्ति अपने माता-पिता के साथ अहमदाबाद पहुंचे थे, जहां से वे फ्लाइट पकड़ने वाले थे। माता-पिता ने बच्चों को एयरपोर्ट पर विदा किया और कुछ ही समय बाद उनका संसार उजड़ गया। अब इस परिवार में सिर्फ माता-पिता ही बचे हैं, जो गहरे सदमे में हैं।

वायरल हुई ‘आखिरी सेल्फी’

हादसे से पहले की एक पारिवारिक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें प्रतीक, कोनी और उनके तीनों बच्चे मुस्कुराते हुए कैमरे की ओर देख रहे हैं। यह तस्वीर अब इस परिवार की आखिरी याद बन चुकी है।

2016 में लंदन शिफ्ट हुए थे डॉ. प्रतीक

बताया जा रहा है कि डॉ. प्रतीक जोशी 2016 में ही लंदन में बस गए थे और वहीं चिकित्सा सेवा से जुड़े थे। वह चाहते थे कि उनका परिवार भी उनके साथ वहीं रहे। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने परिवार को लंदन बुलाया था। लेकिन यह यात्रा उनके जीवन की आखिरी साबित हुई।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH