Other NewsTop News

कछुए ने महज 51 दिनों में तय किए 1000 किलोमीटर, जानें इस उपकरण से किया गया ट्रैक

आंध्र प्रदेश। आपने अक्सर कछुए की स्पीड के बारे में सुना होगा कि कछुए धीमी गति से चलते हैं। हालांकि एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे। दरअसल, भारत में ही एक कछुए ने महज 51 दिनों 1000 किलोमीटर की दूरी तय की है। इसे मापने के लिए ओलिव रिडले कछुए के साथ सेटेलाइट से जुड़े ट्रैकिंग उपकरण को टैग कर दिया गया था। इस कछुए ने ओडिशा के केंद्रपाड़ा में स्थित गहिरमाथा समुद्र तट से आंध्र प्रदेश के तट तक 1000 किलोमीटर की दूरी 51 दिन में पूरी की। एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान कछुए ने श्रीलंका, तमिलनाडु और पुडुचेरी के समुद्री क्षेत्र से यात्रा की।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक प्रेम शंकर झा ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय वन्यजीव संस्थान के नवीनतम ट्रैकिंग सेटेलाइट ने आंध्र प्रदेश के समुद्री जल में घूम रहे टैग किए गए कछुओं में से एक के बारे में पता लगाया। इसमें बताया गया कि यह कछुआ 51 दिन में करीब 1000 किलोमीटर तक का सफर पूरा कर चुका है।

अधिकारियों की मानें तो हर साल लगभग 3000 कछुओं को ट्रैकिंग सिस्टम से टैग किया जाता है। इसमें कम से कम एक लाख कछुओं को टैग किया जाना है, जिससे उनके बारे में जानकारी जुटाई जा सके। इसमें उनका प्रजनन, आवागमन, विकास दर, प्रवास मार्ग और भोजन के क्षेत्रों की जानकारी इकट्ठा करना अहम है। इसी क्रम में ओडिशा वन विभाग ने 1999 में टैगिंग की कवायद शुरू की थी। हालांकि बाद में इसे रोक दिया गया था और फिर भारतीय प्राणी सर्वेक्षण ने 2021 में इसे फिर से शुरू किया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH