लखनऊ। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी मिली है, जिसके बाद लखनऊ में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि धमकी ‘डायल 112’ (आपातकालीन सेवाओं का नंबर) पर संदेश के माध्यम से प्राप्त हुई थी, धमकी देने वाले शख्स ने कहा कि मैं जल्द ही सीएम योगी को मार दूंगा।
धमकी मिलने के बाद ‘112’ के ऑपरेशन कमांडर ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मामला दर्ज कराया है। भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 506, 507 और आईटी एक्ट 66 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि रविवार को उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसने 25 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोच्चि यात्रा के दौरान आत्मघाती बम हमले की धमकी देने वाला पत्र लिखा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान जेवियर के रूप में हुई है। केरल भाजपा प्रमुख के सुरेंद्रन ने शनिवार को कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की साजिश के बारे में पिछले सप्ताह एक पत्र मिला है।




