City NewsRegional

कर्नाटक में सूदखोरों से परेशान होकर परिवार के पांच लोगों ने की आत्महत्या

बेंगलुरु। कर्नाटक के तुमकुरु शहर में सूदखोरों से परेशान होकर एक ही परिवार के पांच लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत को गले लगाने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे उसी इमारत के भूतल में रहने वाले व्यक्ति और उसके परिवार के सदस्यों ने उनके परिवार को प्रताड़ित किया और उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया।

इस घटना को लेकर पुलिस ने सोमवार को कहा कि यह घटना तुमकुरु शहर में रविवार रात सामने आई और पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में भी ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अत्यधिक ब्याज दरों और उत्पीड़न के कारण एक ही परिवार के पांच लोगों ने आत्महत्या की है। दरअसल, चौंकाने वाली बात यह है कि परिवार पर आरोपी का 1.5 लाख रुपये बकाया था, जिसके चलते सदाशिवनगर इलाके में कबाब विक्रेता गरीब साब (36), उनकी पत्नी सुमैया (32), बेटी हजीरा (14), बेटे मोहम्मद शाभान (10) और मोहम्मद मुनीर (8) के शव उनके आवास पर लटके हुए मिले।

गरीब साब ने मरने से पहले वीडियो में कहा था कि, ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाला एक कलंदर राक्षस है। वह उसकी पत्नी और बच्चों पर अत्याचार करता है और उनके साथ मारपीट करता है। कलंदर अभद्र भाषा का भी प्रयोग करता है। उन्होंने वीडियो आगे कहा कि मेरी पत्नी और बच्चे डरते हैं कि अगर मैं मर गया, तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। मेरी पत्नी और बच्चे भी मेरे साथ आत्महत्या कर रहे हैं। वहीं, इस घटना को लेकर तिलक पार्क पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH