EntertainmentTop News

टीवी एक्ट्रेस अदिति शर्मा ने पति, सास और ननद पर दर्ज कराई घरेलू हिंसा की FIR, मारपीट और स्त्रीधन हड़पने के लगाए आरोप

टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री अदिति शर्मा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक के खिलाफ घरेलू हिंसा समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अदिति ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद उनके पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह उनके पहनावे पर आपत्ति जताने लगे, छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगे और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। अभिनेत्री का दावा है कि पति ने घर के खर्च में सहयोग करने के बजाय उनसे पैसे मांगने शुरू कर दिए।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि 1 जनवरी 2025 को कॉफी पीने के दौरान हुई बहस गाली-गलौज तक पहुंच गई। इसके बाद पति को उनके चरित्र पर शक होने लगा और उन्होंने कथित तौर पर अदिति पर अफेयर का आरोप लगाया। अभिनेत्री का कहना है कि पति उनका मोबाइल फोन चेक करते थे, अलग कमरे में सोने लगे और उन्हें अपने माता-पिता से बात करने से भी रोकते थे।

अदिति ने अपनी सास पर शादी के दौरान मिले गहने और अन्य स्त्रीधन अपने कब्जे में रखने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के मुताबिक, सोने की चेन, हीरे की अंगूठी, मंगलसूत्र और चूड़ियों समेत कई कीमती गहने बार-बार मांगने के बावजूद वापस नहीं किए गए। वहीं, उन्होंने ननद और सास पर विवाद सुलझाने के बजाय पति का पक्ष लेने और उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने का भी आरोप लगाया है।

अभिनेत्री के बयान के अनुसार, उनकी मुलाकात अभिनीत विद्यानंद कौशिक से जून 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान हुई थी। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और शादी से पहले वे गोरेगांव वेस्ट स्थित एक फ्लैट में लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। इसके बाद नवंबर 2024 में दोनों ने शादी कर ली। फिलहाल, गोरेगांव पुलिस ने अदिति शर्मा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH