देहरादून: यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने जुलाई तक निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले राजस्व प्राप्ति महज 55 प्रतिशत रहने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के साथ डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने और बिजली चोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में एमडी ने कहा कि वित्तीय वर्ष में यूपीसीएल को लाभ अर्जित करने वाला निगम बनाने के लक्ष्य के साथ सभी अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता से काम करें। उन्होंने बताया कि निगम ने इस वर्ष बिलिंग दक्षता 90 प्रतिशत से अधिक रखने का लक्ष्य तय किया है। क्षेत्रीय अभियंताओं और कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
नए बिजली कनेक्शन में देरी पर भी जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान लंबित नए विद्युत कनेक्शनों की स्थिति पर भी एमडी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नए कनेक्शन निर्धारित समयसीमा के भीतर स्मार्ट मीटर के माध्यम से जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कनेक्शन जारी करने में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही, देरी के लिए लगने वाली पेनल्टी की राशि संबंधित कार्मिक अथवा एएमआईएसपी से वसूलने के निर्देश दिए गए।
उपभोक्ता शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण
पीसी ध्यानी ने उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से सभी कार्य निर्धारित समयसीमा, गुणवत्ता मानकों और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए पूरा कराने को कहा।
एडीबी परियोजना की भी हुई समीक्षा
बैठक में एडीबी परियोजना के तहत देहरादून में विद्युत लाइनों के भूमिगतिकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एमडी ने परियोजना के काम में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमिगतिकरण परियोजना का उद्देश्य विद्युत व्यवस्था को अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाना है, इसलिए कार्य में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।




