InternationalTop News

अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ा, होर्मुज के पास अमेरिकी हमले, ट्रंप बोले- ‘यूरेनियम सौंपे तेहरान’

अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन इसी बीच पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित ईरानी द्वीपों पर नए हमले किए हैं। इन हमलों में कथित तौर पर बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश कर रही नावों और मिसाइल लॉन्च साइट्स को निशाना बनाया गया।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बयान जारी कर कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों को संभावित खतरों से सुरक्षित रखना था। CENTCOM के प्रवक्ता नेवी कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा कि अमेरिकी सेना मौजूदा सीजफायर के दौरान संयम बरतते हुए केवल अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, होर्मुज समुद्री मार्ग के पास स्थित बंदर अब्बास में भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं। खबर है कि ईरानी नावें समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछा रही थीं। इसके बाद ईरान ने अपने एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम को हाई अलर्ट पर कर दिया है।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर सख्त बयान दिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान को संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपना होगा या फिर अंतरराष्ट्रीय निगरानी में उसे नष्ट करना होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया की निगरानी परमाणु ऊर्जा आयोग जैसी संस्था द्वारा की जानी चाहिए।

ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में दावा किया कि ईरान के साथ बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि समझौता होता है तो यह सभी पक्षों के लिए बड़ी डील साबित होगी, लेकिन अगर बातचीत विफल रही तो हालात फिर युद्ध की ओर बढ़ सकते हैं। वहीं, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकई ने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत में कुछ प्रगति जरूर हुई है, लेकिन जल्द किसी अंतिम समझौते की संभावना नहीं दिख रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH