Top NewsUttar Pradesh

यूपी की मेधावी बेटियों को मिलेगा स्कूटी का तोहफा, योगी कैबिनेट ने रानी लक्ष्मीबाई योजना को दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश सरकार ने छात्राओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी गई। इस योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक अंतिम वर्ष उत्तीर्ण करने वाली मेधावी छात्राओं को मुफ्त पेट्रोल स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि योजना का लाभ राज्यभर की करीब 50 हजार छात्राओं को मिलेगा। सरकार स्कूटी के साथ पंजीकरण, बीमा, हेलमेट और शुरुआती पांच लीटर पेट्रोल का खर्च भी वहन करेगी। इस पूरी योजना पर लगभग 400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

किन छात्राओं को मिलेगा लाभ?

योजना के तहत उन्हीं छात्राओं का चयन किया जाएगा जो उत्तर प्रदेश की मूल निवासी हों और जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये तक हो। राज्य विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों और संबद्ध महाविद्यालयों में अध्ययनरत स्नातक अंतिम वर्ष की टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं को मेरिट के आधार पर स्कूटी दी जाएगी। इसके अलावा दिव्यांग छात्राओं, निराश्रित बालिकाओं और शहीदों की बेटियों को विशेष श्रेणी में शामिल करते हुए बिना मेरिट सूची के भी योजना का लाभ दिया जाएगा।

शिक्षा और रोजगार दोनों में मिलेगी मदद

सरकार का मानना है कि परिवहन की सुविधा मिलने से छात्राओं के लिए कॉलेज आना-जाना आसान होगा। इससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़े अवसरों तक भी बेहतर तरीके से पहुंच सकेंगी। खासतौर पर ग्रामीण और छोटे शहरों की छात्राओं को इस योजना से बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में वर्तमान समय में स्नातक अंतिम वर्ष में करीब नौ लाख छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में इस योजना को छात्राओं की शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

जल्द जारी होगी आवेदन प्रक्रिया

सरकार के अनुसार स्कूटी की खरीद GeM पोर्टल के माध्यम से की जाएगी और इसके लिए वाहन कंपनियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे। बाजार में स्कूटी की कीमत 65 हजार रुपये से लेकर 1.10 लाख रुपये तक है, लेकिन लाभार्थी छात्राओं को पूरी ऑन-रोड सुविधा सरकार उपलब्ध कराएगी। योजना के विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन प्रक्रिया जल्द जारी किए जाने की संभावना है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH