लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना अब दम तोड़ता हुआ नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कोरोना के महज 339 मामले सामने आए हैं जबकि 1,116 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए। इसी के साथ अब एक्टिव केस की संख्या 8986 रह गई है। वहीं अगर रिकवरी रेट की बात करें तो यह अब बढ़कर 98.2 प्रतिशत हो गया है।
बता दें कि ये सीएम योगी की टेस्ट,ट्रैक और ट्रीट (3टी) रणनीति का ही असर है जो कोरोना के मामले यूपी में अब काफी कम हो गए हैं। इसी के साथ यूपी में कोरोना टीकाकरण का अभियान भी तेज़ी से चल रहा है। प्रदेश में संक्रमण कम होने पर भी कोविड-19 के टेस्टों की संख्या में निरन्तर बढ़ोत्तरी की जा रही है, ताकि संक्रमित व्यक्ति की पहचान करके इलाज किया जा सके। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक टेस्ट कराये जा रहे हैं।
वहीं, सीएम योगी ने प्रतिदिन किए जा रहे टीकाकरण को 06 लाख करते हुए इसे 10 लाख तक बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जून में 01 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। अगले माह से प्रतिदिन 10 लाख से अधिक टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है। तीन महीनों में 10 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण के लिए लगभग 20 हजार कर्मचारियों कोे प्रशिक्षण दिया जा रहा है।




