NationalTop News

बंगाल के मदरसों में भी अब अनिवार्य होगा वंदे मातरम्, सुवेंदु सरकार ने जारी किया आदेश

पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अब राज्य के सभी मदरसों में भी वंदे मातरम् गाना अनिवार्य कर दिया है। सरकारी स्कूलों के बाद अब सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त मदरसों में भी कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा के दौरान वंदे मातरम् का गायन करना होगा। अल्पसंख्यक कार्य और मदरसा शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

मदरसा शिक्षा निदेशक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य के अल्पसंख्यक मामलों एवं मदरसा शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी मदरसों में यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इसमें सरकारी मॉडल मदरसे, सहायता प्राप्त मदरसे, मंजूर MSKS, मंजूर SSKS और मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त मदरसे भी शामिल हैं। इससे पहले 13 मई 2026 को राज्य सरकार ने सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में वंदे मातरम् गाना अनिवार्य किया था। स्कूल शिक्षा विभाग की अधिसूचना में कहा गया था कि अब हर स्कूल में कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् गाया जाएगा।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी शपथ लेने के बाद लगातार बड़े फैसले ले रहे हैं। राज्य सरकार ने अन्नपूर्णा योजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत 1 जून से महिलाओं के खातों में 3 हजार रुपये भेजे जाएंगे। महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा भी दी जाएगी। इसके अलावा राज्य में 7वें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी मिल चुकी है। सरकार ने बंगाल में आयुष्मान योजना लागू करने, सीमा क्षेत्रों में BSF को जमीन हस्तांतरित करने, IAS और IPS अधिकारियों को केंद्र सरकार के ट्रेनिंग प्रोग्राम में भेजने और भारतीय न्याय संहिता लागू करने जैसे कई अहम फैसले भी लिए हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH