लखनऊः वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया हैं। उनकी उम्र 67 साल थी और वे काफी समय से बीमार चल रहे थे। विनोद दुआ की बेटी मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ये जानकारी दी। मल्लिका ने बताया कि विनोद दुआ का अंतिम संस्कार लोधी श्मशान घाट में कराया जाएगा। मल्लिका दुआ ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, हमारे बेपरवाह, निडर और असाधारण पिता विनोद दुआ का निधन हो गया।
उन्होंने दिल्ली की शरणार्थी कॉलोनियों से निकलकर पत्रकारिता के शिखर तक बढ़ते हुए एक अद्वितीय जीवन जिया, वे हमेशा सच बोलते रहे। मल्लिका दुआ ने लिखा, अब वे हमारी मां के साथ हैं यानी अपनी पत्नी के साथ स्वर्ग में हैं।
मौत की खबर हुई थी वायरल
आज से कुछ समय पहले ही विनोद दुआ की निधन की खबरें वायरल हो रही थी, जिसका उनकी बेटी मल्लिका ने खंडन करते हुए कहा था कि ऐसी खबरें फैलाना गलत है। उन्होंने कहा कि वह पिता के स्वास्थ्य से जुड़ा हर अपडेट साझा करेंगी।
कोरोना से हुई थी पत्नी की मौत
इससे पहले कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान विनोद दुआ और उनकी पत्नी चिन्ना दुआ कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। तब चिन्ना दुआ की मौत हो गई थी।
मीडिया में एक जाना-माना नाम
67 साल के विनोद दुआ मीडिया में एक जाना पहचाना नाम हैं। विनोद दुआ ने दूरदर्शन के लिए भी काम किया है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान विनोद दुआ और उनकी पत्नी को गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद से ही विनोद दुआ की सेहत में लगातार गिरावट आती रही है।




