InternationalTop News

कौन हैं मेजर अभिलाषा बराक, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र देने जा रहा है प्रतिष्ठित ‘मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड?

भारतीय सेना की मेजर अभिलाषा बराक को संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिष्ठित ‘यूनाइटेड नेशंस मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें लेबनान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के दौरान महिलाओं और लड़कियों के साथ प्रभावी संवाद और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है।

मेजर अभिलाषा बराक वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल लेबनान (UNIFIL) में महिला सहभागिता दल (FET) की कमांडर के रूप में भारतीय बटालियन में तैनात हैं। वह भारतीय सेना की पहली महिला लड़ाकू हेलीकॉप्टर पायलट भी हैं। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 29 मई को आयोजित कार्यक्रम में उन्हें औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। हर वर्ष 29 मई को संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है।

दो भारतीय शांति रक्षकों को मिलेगा मरणोपरांत सम्मान

अंतरराष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र दो भारतीय शांति रक्षकों को मरणोपरांत सर्वोच्च सम्मान ‘डैग हैमर्सजोल्ड मेडल’ से भी सम्मानित करेगा। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस लांस हवलदार हरभजन सिंह और नायब सूबेदार सुजीत कुमार प्रधान को यह सम्मान प्रदान करेंगे। लांस हवलदार हरभजन सिंह ने कांगो में संयुक्त राष्ट्र के स्थिरीकरण मिशन में अपनी सेवाएं दी थीं, जबकि नायब सूबेदार सुजीत कुमार प्रधान साउथ सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के दौरान कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गए थे।

भारत की तीसरी महिला बनीं अभिलाषा बराक

मेजर अभिलाषा बराक भारत की तीसरी महिला अधिकारी हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। उनसे पहले मेजर सुमन गवानी और मेजर राधिका सेन को भी संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में उत्कृष्ट कार्य के लिए यह अवॉर्ड मिल चुका है। मेजर सुमन गवानी को वर्ष 2019 में साउथ सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में योगदान के लिए सम्मानित किया गया था। वहीं मेजर राधिका सेन को वर्ष 2023 में कांगो में संयुक्त राष्ट्र संगठन स्थिरीकरण मिशन में सेवाओं के लिए यह पुरस्कार मिला था।

संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में भारत की अहम भूमिका

संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में भारत लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। भारत दुनिया के उन प्रमुख देशों में शामिल है, जो सबसे अधिक सैनिक और पुलिस बल संयुक्त राष्ट्र मिशनों में भेजते हैं। फरवरी 2026 तक UNIFIL में 48 देशों के 7,538 शांति सैनिक तैनात थे, जिनमें भारत के 642 कर्मी शामिल थे। भारत इस सूची में इटली, इंडोनेशिया और स्पेन के बाद चौथे स्थान पर था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH