बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी तुलना लोग सोशल मीडिया पर चर्चित ज्योति मौर्या केस से कर रहे हैं। यहां एक पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी को पढ़ा-लिखाकर शिक्षक की नौकरी दिलाने के बाद उसने न सिर्फ साथ छोड़ दिया, बल्कि अब अपने कथित प्रेमी के साथ रहने की बात कह रही है। पीड़ित पति अमन कुमार का कहना है कि उन्होंने आर्थिक तंगी के बावजूद पत्नी गुंजन कुमारी की पढ़ाई जारी रखवाई, ताकि वह आत्मनिर्भर बन सके और परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग कर सके। अमन का आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद पत्नी उनसे और उनके 10 साल के बेटे से अलग रहने लगी।
शादी के बाद पूरी कराई पढ़ाई
जानकारी के मुताबिक अमन कुमार की शादी साल 2013 में हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी गुंजन कुमारी से हुई थी। शादी के समय गुंजन केवल 12वीं पास थीं और आगे पढ़कर शिक्षक बनने का सपना देख रही थीं। अमन मजदूरी कर परिवार चलाते थे, लेकिन उन्होंने पत्नी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। अमन का दावा है कि पत्नी को पढ़ाने के लिए उन्होंने साल 2022 में अपनी डेढ़ कट्ठा पैतृक जमीन तक बेच दी। बीएड करने के बाद गुंजन ने BPSC TRE परीक्षा की तैयारी की। TRE-02 में उनका चयन शिक्षक पद पर हो गया और जनवरी 2024 में उन्हें नियुक्ति मिली।
ट्रेनिंग के दौरान बढ़ीं नजदीकियां?
पति का आरोप है कि शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान गुंजन की नजदीकियां उनके कॉलेज मित्र प्रेम प्रकाश जयवाल से बढ़ गईं। अमन का कहना है कि दोनों पहले से संपर्क में थे और ट्रेनिंग के दौरान भी लगातार मिलते रहे। अमन ने बताया कि सुपौल में ट्रेनिंग के दौरान उनके बेटे ने उन्हें जानकारी दी थी कि प्रेम प्रकाश घर आते-जाते हैं और कई बार वहीं रुकते भी थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पत्नी ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया।
दार्जिलिंग ट्रिप से बढ़ा शक
अमन का आरोप है कि जनवरी 2025 में उनकी पत्नी महिला शिक्षकों के साथ दार्जिलिंग घूमने जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन बाद में पता चला कि कोई अन्य महिला शिक्षक उस यात्रा में शामिल नहीं थी। इसके बाद उन्हें पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर शक और गहरा हो गया।
किराए के कमरे में पकड़ने का दावा
पीड़ित पति का दावा है कि हाल ही में उन्होंने हाजीपुर के लिच्छवि नगर स्थित एक किराए के मकान में पत्नी को कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। अमन के अनुसार उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने में देरी हुई। इस बीच स्थानीय लोगों और मकान मालिक ने दरवाजा खोल दिया। अमन का यह भी आरोप है कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया। उन्होंने दावा किया कि उनके पास घटना से जुड़े वीडियो भी मौजूद हैं।
बेटे ने मां के साथ रहने से किया इनकार
अमन और गुंजन के 10 वर्षीय बेटे ने भी मां के साथ रहने से इनकार किया है। बच्चे का आरोप है कि उसकी मां उसे मारती थी और पिता से शिकायत न करने के लिए कहती थी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
नगर थाना प्रभारी सिकंदर कुमार ने बताया कि अमन कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों पक्ष अलग-अलग रहने की बात कह रहे हैं। पति का दावा है कि पत्नी अब अपने कथित प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जता रही है।




