कोलकाता। शिक्षक नियुक्ति घोटाले में गिरफ्तार ममता के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी पर एक महिला ने चप्पल फेंकी। पार्थ चटर्जी को मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा था उसी वक्त महिला ने गुस्से में अपनी चप्पल पार्थ चटर्जी पर फेंक दी। महिला का कहना है कि गरीब आदमी इतनी मेहनत से पैसा कमाते है और ये भ्रष्टाचार कर रहा है और बड़ी गाड़ी में घूमता है, इसलिए गुस्से में आकर मैंने चप्पल फेंक दिया।
इससे पहले चटर्जी ने शुक्रवार को कहा था कि वह एक साजिश का शिकार हुए हैं और तृणमूल कांग्रेस द्वारा उन्हें निलंबित किये जाने के फैसले पर नाखुशी व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था, ‘यह फैसला निष्पक्ष जांच को प्रभावित कर सकता है।’ कभी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले चटर्जी ने उन्हें मंत्री पद से हटाने के कदम के बारे में कहा, ‘उनका फैसला सही है।’
चटर्जी को विभिन्न विभागों के प्रभारी मंत्री के रूप में उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया गया और बृहस्पतिवार को पार्टी से निलंबित कर दिया गया। उन्हें पार्टी के सभी पदों से भी हटा दिया गया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेतृत्व ने पूर्व मंत्री की टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि चटर्जी खुद ही अपनी नियति के लिए जिम्मेदार हैं।




