IANS News

खेल आपको एक बेहतर इंसान बनाता है : फातिमा सना शेख

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)| महिला कुश्ती खिलाड़ी गीता फोगाट के पिता महावीर फोगाट के जीवन पर आधारित फिल्म ‘दंगल’ से रातों-रात स्टार बनी अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने कहा कि इस फिल्म में काम करने के बाद उन्हें यह एहसास हुआ कि खेल आपको किस तरह से एक बेहतर इंसान बनने में मदद करता है।

फातिमा ने माना कि खेल के कार्यक्रमों से जुड़ने के बाद वह एक बेहतर इंसान बनीं और उन्हें यह भी ज्ञात हुआ कि लोगों के साथ मिलकर किस तरह से काम किया जाता है।

फातिमा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, दंगल फिल्म में काम करने के बाद मेरी जिंदगी में काफी बदलाव आया। इस फिल्म में काम करने के बाद मैं खेल से सही मायनों में जुड़ी और मुझे एहसास हुआ कि यह हमारे जीवन के लिए कितना आवश्यक है। खेल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह महिलाओं को सशक्त करने का सबसे बड़ा माध्यम है।

राष्ट्रीय राजधानी में जूतों के ब्रांड स्कैचर्स के एक कार्यक्रम में आई फातिमा सना शेख ने भारतीय पहलवान रितु फोगाट से ट्रेडमिल पर रेस लगाई जिसमें वह हार गई लेकिन उन्होंने कहा कि वह भवष्यि में भी ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेती रहेंगी।

फातिमा ने कहा, मैं खेल गतिविधियों में अपने मूड के हिसाब से शामिल होती हूं लेकिन जब इस प्रकार के चैलेंज होते हैं तो मैं अपने आप को रोक नहीं पाती। भविष्य में अगर इस ब्रांड ने ऐसे अन्य कार्यक्रम आयोजित कराए तो मैं आपको अन्य अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी कड़ी टक्कर देती हुई नजर आउंगी।

फातिमा ने खेल को अपनाने के बाद उनके अंदर आए बदलाव पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन बदलावों से उन्हें निजी जिंदगी में काफी लाभ हुआ है।

फातिमा ने कहा, खेल आपको एक अच्छा इंसान बनने में सहायता करता है। इससे आप सीखते हैं कि लोगों के साथ मिलकर किस तरह से कार्य करना है। मुझमें यह बदलाव ‘दंगल’ फिल्म करने एवं खेल से जुड़ने के बाद ही आया और इन गुणों का लाभ मुझे निजी जिंदगी में भी काफी मिलता है।

फातिमा की फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदुस्तान’ इसी वर्ष रिलीज होगी। इस फिल्म में वह एक बार फिर आमिर खान के साथ नजर आएंगी।

=>
=>
loading...