IANS News

पाकिस्तानी रेंजर्स की गोलीबारी में 4 की मौत, 30 घायल

जम्मू , 23 मई (आईएएनएस)| जम्मू, सांबा व कठुआ जिलों में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की रातभर की गई गोलीबारी में चार नागरिकों की मौत हो गई व 30 अन्य घायल हो गए। प्रशासन ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जम्मू एवं कश्मीर के पुलिस महानिदेशक एस.पी.वैद ने ट्वीट किया, जम्मू, कठुआ से लेकर अखनूर तक सीमा पार से रात भर की गई गोलीबारी में अब तक चार लोगों की मौत हो गई और 30 घायल हुए हैं। यह बहुत दुखद है।

आर.एस.पुरा, अरनिया, रामगढ़ व हीरानगर क्षेत्रों के सीमावर्ती गांवों में युद्ध जैसी स्थिति के बीच करीब 40,000 से ज्यादा लोगों को अपने घरों को छोड़ना पड़ा है। सीमापार से हो रही गोलीबारी में नागरिकों के जीवन, मवेशियों व संपत्तियों के लिए जोखिम की स्थिति बनी हुई है।

पाकिस्तानी रेंजर्स ने लगातार तीसरे दिन बुधवार को सीमा सैन्य व नागरिक ठिकानों को निशाना बनाते हुए भारी गोलीबारी और गोलाबारी की।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि बीएसफ पाकिस्तान की कार्रवाई का प्रभावी व मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

=>
=>
loading...