IANS News

राहुल गांधी बुधवार को मंदसौर में करेंगे किसान सभा

मंदसौर, 5 जून (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसानों पर हुई गोलीबारी की घटना की पहली बरसी पर बुधवार को होने वाली श्रद्धांजलि सभा को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे।

सभा पिपलियामंडी में होगी। कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी दोपहर लगभग 12़ 20 बजे चार्टर्ड प्लेन से मंदसौर हवाईपट्टी पर उतरेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा 12़ 45 बजे सभा स्थल पिपलियामंडी पहुंचेंगे। सभा स्थल पर रुकने के बाद वह दोपहर 3 बजे हवाईपट्टी पर लौटेंगे और दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष के दौरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। जगह-जगह बैरिकेट्स लगाए गए हैं, अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। साथ ही वहां आने वालों पर खास नजर रखी जा रही है।

कांग्रेस की राज्य चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुले तौर पर राज्य सरकार पर राहुल गांधी की सभा को असफल बनाने के लिए हर हथकंडा अपनाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा, किसानों को सभा स्थल तक पहुंचने से रोकने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों से बांड तक भरवा लिए गए हैं। अब देखना यह है किशहीद हुए छह किसानों को श्रद्धांजलि देने से रोकने के लिए शिवराज सरकार के हथकंडे कितने कारगर होते हैं।

=>
=>
loading...