IANS News

गोवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शांताराम नाइक का निधन

पणजी/नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)| गोवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और दो बार राज्यसभा सांसद रह चुके शांताराम नाइक का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 76 साल के थे।

नाइक की जगह अप्रैल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने गिरीश चोडणकर ने पणजी में आईएएनएस को बताया, नाइक का सुबह 6.30 बजे के आसपास निधन हो गया।

चोडणकर ने कहा, उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें मडगांव में एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

उन्हें त्रिमूर्ति अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

नाइक का अंतिम संस्कार रविवार को दक्षिण गोवा के कंकोलिम गांव में सुबह 10.30 बजे होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने नाइक के निधन पर शोक जताते हुए कहा, गोवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री शांताराम नाइक के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं, जिन्होंने गोवा को राज्य का दर्जा दिलाने की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई।

राहुल ने ट्वीट कर कहा,दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है। उनकी आत्मा को शांति मिले।

नाइक 2005 से 2011 तक और 2011 से 2017 तक लगातार दो बार राज्यसभा में राज्य का प्रतिनिधित्व किया।

साल 1967 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत में ही नाइक एक कार्यकर्ता के रूप में कांग्रेस में शामिल हो गए और 1984 में उत्तर गोवा लोकसभा सीट पर सफलतापूर्वकचुनाव लड़े।

उन्होंने उस विधेयक के पारित होने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे गोवा को 30 मई 1987 को राज्य का दर्जा मिल सका।

=>
=>
loading...