IANS News

मप्र : भाजपा महिला विधायक की पार्टी छोड़ने की चेतावनी

भोपाल, 26 जून (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला विधायक नीलम अभय मिश्रा ने मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इशारे पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है, और साथ ही पार्टी छोड़ने की चेतावनी दे डाली है। रीवा जिले के सिमरिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नीलम अभय मिश्रा ने मंगलवार को विधानसभा में अपने और परिवार की सुरक्षा का मसला उठाया। उनका आरोप है कि पुलिस उनके पति अभय मिश्रा का फर्जी एनकाउंटर कर सकती है।

विधायक मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र में मंत्री के इशारे पर विकास कार्य नहीं होने दिए जा रहे हैं, जनता परेशान है। इतना ही नहीं उनके परिवार को जान का खतरा है। उन्होंने गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह से परिवार और अपनी सुरक्षा की मांग की।

मिश्रा ने सदन से बाहर संवाददाताओं से कहा कि वह जनता के लिए काम करना चाहती हैं, लेकिन मंत्री उसमें रोड़ा अटकाते हैं। अगर जरूरत पड़ी तो वह जनता की खातिर पार्टी भी छोड़ सकती हैं।

गौरतलब है कि विधायक मिश्रा के पति अभय मिश्रा भाजपा से विधायक रहे हैं, और इस समय जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

=>
=>
loading...