IANS News

तेदेपा प्रतिनिधिमंडल मुंबई में शिवसेना, राकांपा नेताओं से मिलेगा

मुंबई, 15 जुलाई (आईएएनएस)| संसद के मॉनसून सत्र से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीति घटनाक्रम के तहत तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) का एक प्रतिनिधिमंडल गैर-कांग्रेसी और गैर भाजपा दलों के नेताओं से यहां रविवार को मुलाकात करेगा। जानकार सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी। तेदेपा के लोकसभा सदस्य थोटा नरसिम्हन और सांसद पी. रविंद्र बाबू रविवार शाम शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे।

बाद में वह यहां राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और अन्य दलों के नेताओं से मिलेंगे।

हालांकि बैठकों का विवरण या एजेंडा का अभी खुलासा नहीं किया गया है। ऐसी संभावना है कि तेदेपा आंध्र प्रदेश को लेकर अपने विशेष दर्जे की मांग के समर्थन के लिए विभिन्न दलों से अपील करेगी।

नरसिम्हन तेदेपा अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की तरफ से एक पत्र और पुस्तिका भी सौंपेंगे, जिसमें आंध्र प्रदेश के साथ हुए अन्याय को रेखांकित किया गया है।

संसद का मॉनसून सत्र 18 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित है। इस दौरान आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य के दर्जे की मांग प्रमुखता से उठाई जा सकती है। यह मुद्दा 2019 के आम चुनाव से पहले तेदेपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

=>
=>
loading...