लखनऊ। अपने बयानों से अपनी ही पार्टी के सामने अक्सर मुश्किल खड़ी करने वाली सांसद सावित्री बाई फुले बीजेपी से इस्तीफा देने के बाद भी लगातार पार्टी पर हमलावर हैं। सावित्री बाई फुले कह चुकी हैं कि जब तक वह जिंदा हैं तब तक दोबारा भाजपा में वापस नहीं लौटेंगी। अब उन्होंने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोलै है।
सावित्री फुले ने पांच राज्यों में हुई भाजपा की हार पर खुशी जताते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री सिर्फ झूठ बोलकर जनता को बरगलाने का काम करते रहे हैं। वो जो कहते है वो करते नही। देश के दलितों व पिछड़ों के हक मारे जा रहें हैं। इसी वजह से इन चुनावों में इन्हें हार मिली है । आरक्षण को खत्म करने की साजिश रचने वालो को जनता ने अपने वोटों से जवाब दे दिया है।
उन्होंने कहा कि देश मंदिर, भगवान व धर्म से नही संविधान से चलेगा। भाजपा मंदिर व कुंभ के नाम पर रुपये लुटा रही है। जबकि इन पैसों को गरीबों के हित मे लगाया जाना चाहिए। मोदी सिर्फ जुमलेबाजी कर जनता के पैसों से विदेश घूम रहे हैं। देश का दलित व पिछड़ा अब अपने हक के लिए जाग चुका है।