IANS News

मप्र में ठंड बढ़ी, खजुराहो में 2 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान

भोपाल, 17 दिसंबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में सर्द हवाओं ने सोमवार की सुबह को ठिठुरन भरा बना दिया। राज्य में खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर दिशा की ओर से उत्तर-पश्चिमी हवाएं आ रही हैं, इन हवाओं के चलने से राज्य में ठंड बढ़ गई है। सोमवार की सुबह से मौसम साफ है, धूप खिली है, मगर हवाएं ठिठुरन पैदा कर रही है। राज्य के अधिकांश हिस्सों के तापमान में गिरावट आई है। राज्य में खजुराहो सबसे ठंडा रहा जहां तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य के मौसम में बदलाव जारी है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 9.6, ग्वालियर का 6.1 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 10 सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 21.8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 22.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

=>
=>
loading...