Top NewsUttar Pradesh

उन्नाव कांड: बीजेपी ने विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को पार्टी से किया बाहर

नई दिल्ली। विपक्ष के विरोध के बीच पार्टी के गले की फांस बनते जा रहे बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को पार्टी से बाहर कर दिया गया है। इससे पहले कुलदीप सिंह को बीजेपी ने निलंबित किया था लेकिन रेप पीड़िता के साथ हुए सड़क हादसे के बाद विधायक सेंगर को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखाया है।

इससे पहले सीबीआई ने कुलदीप सिंह सेंगर, उनके भाई मनोज सिंह सेंगर और नौ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसमें उत्तर प्रदेश के एक अन्य मंत्री का रिश्तेदार भी शामिल है। यह कार्रवाई उस लड़की के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद हुई है, जिसने विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। सीबीआई ने 20 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है।

इन सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, आपराधिक धमकी और आपराधिक साजिश शामिल हैं। एफआईआर में आरोपी विनोद मिश्रा, हरि पाल सिंह, नवीन सिंह, कोमल सिंह, अरुण सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, रिंकू सिंह और अधिवक्ता अवधेश सिंह के नाम शामिल हैं। ये सभी उन्नाव के रहने वाले हैं। आरोपी अरुण सिंह उत्तर प्रदेश के एक अन्य राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया का दामाद है।

वह योगी आदित्यनाथ सरकार में कृषि, कृषि शिक्षा और अनुसंधान राज्य मंत्री हैं और फतेहपुर के हुसैनगंज से भाजपा विधायक हैं। कुलदीप सेंगर के करीबी अरुण सिंह उन्नाव के नवाबगंज से ब्लॉक प्रमुख हैं। लखनऊ में सीबीआई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सिंह को जांच करने के लिए कहा गया है। केंद्र ने ट्रक-कार की टक्कर की जांच के लिए मंगलवार को मामला सीबीआई को सौंप दिया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। इस दुर्घटना में दुष्कर्म पीड़िता का वकील भी जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH