हैदराबाद। आंध्र प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को गलती से पानी की जगह सैनिटाइजर पी लिया जिसके बाद उनकी तबियत खराब हो गई।
घटना अनंतपुर जिले में हुई। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनिल कुमार अपने घर में रखे सैनिटाइजर के दो घूंट लेने के बाद बीमार हो गए, उनके परिजन इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में ले गए। डॉक्टरों ने उनकी जांच की और कहा कि उनकी जान को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि डीएमएचओ को कुछ घंटों में छुट्टी दे दी जाएगी।
आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के दो और मामलों के सामने आने के साथ ही प्रदेश में संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 365 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। नवीनतम स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया कि गुरुवार रात नौ बजे के बाद यह दोनों नए मामले अनंतपुरामू जिले में सामने आए।