एटा। देश में जारी लॉक डाउन के बीच यूपी के एटा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां रिटायर्ड स्वास्थ्यकर्मी समेत उनके परिवार के पांच लोगों के शव घर के अंदर से मिले। घटना के समय दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा काटकर शव निकाले। बताया जा रहा है सभी ने आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस के आलाअधिकारी मौके पर पहुंच जांच पड़ताल में जुट गए हैं।
यह घटना एटा थाना कोतवाली नगर के श्रृंगार नगर कॉलोनी की है। घटना का खुलासा दूध वाले के आने के बाद हुआ। सुबह दूध वाले के बहुत देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश की तो घर में जाने का केवल एक ही रास्ता था। उस दरवाजे को कटवाकर खुलवाया गया। अंदर का नजारा काफी भयावह था। बहू दिव्या और रिटायर्ड स्वास्थ्यकर्मी राजेश्वर के हाथ की नस कटी हुई थी। दोनों नाती भी निढाल पड़े थे। वहीं ऊपर के तल पर बिस्तर पर बेटे की साली की लाश पड़ी हुई थी। बाकियों का गला दबाए जाने की आशंका है।
मृतकों में 78 बर्षीय राजेश्वर प्रसाद पचौरी, उनकी पुत्र वधु 35 वर्षीय दिव्या पचौरी, दिव्या की 24 वर्षीय बहन बुलबुल, दिव्या के दोनों बेटे 10 वर्षीय आरुष और 1 वर्षीय आरव शामिल हैं। प्रथम दृष्टया हुई तफ्तीश में परिवार के आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है।