मुंबई। पूरा फ़िल्मी जगत जहां इरफ़ान खान की मौत से अभी उबर भी नहीं पाया था कि गुरुवार को उन्हें बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन की खबर मिली। गुरुवार सुबह मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में उनका निधन हो गया। वह 67 साल के थे।
ऋषि कपूर को कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ने के चलते अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। ऋषि कपूर की मौत की जानकारी अमिताभ बच्चन ने सबसे पहले दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘वो चला गया, ऋषि कपूर, मैं अंदर से टूट गया हूं। अब ऋषि कपूर की मौत पर उनके परिवार की ओर से बयान सामने आया है। कपूर परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्होंने गुरुवार सुबह आखिरी सांस ली।
उधर अभिनेता रजा मुराद ऋषि कपूर के निधन की खबर सुनकर रो पड़े। उन्होंने कहा कि ऋषि कपूर सिर्फ मेरा साथी नहीं था। वह मेरे परिवार थे। मेरा दोस्त था। मेरा 45 साल पुराना दोस्त। लैला मजनू में हमने साथ काम करना शुरू किया। मैंने उनके साथ इतनी फिल्में की। मुझे यकीन नहीं हो रहा है।बिल्कुल यकीन नहीं हो रहा है।
रजा मुराद ने कहा कि कल का सदमा अभी हम बर्दाश्त नहीं कर पाए थे और आज हमें यह खबर मिली। विडंबना की बात है कि आखिरी बार हम उन्हें देख भी नहीं सकते हैं। उनके घर भी नहीं जा सकते हैं।