NationalTop News

थम गए एटलस साइकिल के पहिए, कंपनी ने अपनी सबसे बड़ी फैक्ट्री की बंद

नई दिल्ली। देश की बड़ी साइकिल बनाने वाली कंपनी में शुमार एटलस साइकिल ने अपनी गाजियाबाद स्थित अपनी सबसे बड़ी फैक्ट्री बंद कर दी है। लॉकडाउन के पहले तक यही फैक्ट्री हर महीने दो लाख साइकिलें बना लेती थी। एक समय तो ऐसा भी था जब कंपनी ने एक साल में 40 लाख साईकिल बनाने का रिकार्ड भी बनाया था। बुधवार को सुबह जब मजदूर काम करने पहुंचे तो उन्होंने कंपनी के बाहर एक नोटिस लगा पाया जिसमें लिखा था कि कंपनी के पास फैक्ट्री चलाने का पैसा नहीं है। इससे कंपनी के 450 कर्मचारियों के सामने राेजी-राेटी का संकट खड़ा हाे गया है।

कंपनी के प्रबंधक ने कहा कि संचालकों के पास फैक्टरी चलाने के लिए रकम नहीं है। कच्चा माल खरीदने तक के पैसे नहीं हैं इसलिए कर्मचारियों को तीन जून से ले-ऑफ करने के लिए कहा गया है। इसमें कर्मचारियों को उपस्थिति दर्ज कराकर वापस जाना होता है। नोटिस में प्रबंधक ने कर्मचारियों से कहा है कि जब तक संचालक धन का प्रबंध नहीं कर लेते, तब तक कारखाने में कच्चा माल नहीं आएगा। ऐसी स्थिति में संचालक फैक्ट्री चलाने की स्थिति में नहीं हैं।

प्रियंका ने सरकार पर साधा निशाना

वहीँ इस मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने कहा कि उद्योगों के लिए दिया आर्थिक पैकेज सिर्फ एक घोषणा थी और यह सरकार का कर्तव्य है कि वह नौकरियों को बचाए।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, कल विश्व साइकिल दिवस के मौके पर साइकिल कंपनी एटलस की गाजियाबाद स्थित फैक्ट्री बंद हो गई। 1000 से ज्यादा लोग एक झटके में बेरोजगार हो गए। उन्होंने कहा, सरकार के प्रचार में तो सुन लिया कि इतने का पैकेज, इतने एमओयू, इतने रोजगार लेकिन असल में तो रोजगार खत्म हो रहे हैं। फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं। लोगों की नौकरियां बचाने के लिए सरकार को अपनी नीतियां और योजना स्पष्ट करनी पड़ेगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH