RegionalTop News

एक अकेली लड़की के लिए 545 किलोमीटर तक चलानी पड़ी राजधानी एक्सप्रेस

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में केवल एक सवारी के लिए 545 किलोमीटर राजधानी एक्सप्रेस चलानी पड़ी। दरअसल, टाना भगतों के आंदोलन से डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर फंसी राजधानी एक्सप्रेस में सवार एक युवती ने कहा कि वह बस या कार से आगे नहीं जाएग। वो जाएगी तो ट्रेन से ही। अनन्या के जिद्द के आगे अधिकारियों को झुकना पड़ा। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस शाम करीब चार बजे डालटनगंज से वापस गया ले जाकर गोमो और बोकारो होते हुए रांची के लिए रवाना करनी पड़ी।

दरअसल, लातेहार जिला स्थित टोरी में टाना भगतों के रेलवे ट्रैक पर चल रहे आंदोलन के कारण डालटनगंज में ट्रेन रोक दी गई। पहले रेलवे के अधिकारियों ने सोचा कि आंदोलन खत्म हो जाएगा तो ट्रेन रांची पहुंचा दी जाएगी। लेकिन आंदोलन खत्म नहीं हुआ तो रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को इसकी जानकारी दी गई। फिर यात्रियों को बस के जरिये रांची भेजने का निर्देश दिया गया। सभी यात्रियों को बस से भेज दिया गया लेकिन अनन्या जिद पर अड़ गई कि वो जाएगी तो ट्रेन से ही। उसको समझाने के लिए रेलवे के अधिकारी भी आए लेकिन वो टस से मस न हुई। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि अगर आप बस से नहीं जाना चाहती तो आपको कार से रांची भेजा जा सकता है लेकिन वो इसके लिए भी तैयार न हुई। वह जिद पर अड़ी रही कि राजधानी एक्सप्रेस से ही रांची जाएगी।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को सारी बात बताई गई। विचार विमर्श के बाद उन्होंने डीआरएम को निर्देश दिया कि अनन्या को राजधानी एक्सप्रेस से रांची भेजें। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम हों। ट्रेन को डालटनगंज से सीधे रांची आना था। डालटनगंज से रांची की दूरी 308 किलोमीटर है। मगर, ट्रेन को गया से गोमो व बोकारो होकर रांची रवाना करना पड़ा। इस तरह ट्रेन को 535 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ी।

#rajdhaniexpress #indianrailways #train

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH