Regional

नजीब की तलाश में दिल्ली पुलिस जेएनयू परिसर पहुंची

नजीब, जेएनयू, दिल्ली पुलिस, अपराध शाखाNazib JNU

 

 

नजीब, जेएनयू, दिल्ली पुलिस, अपराध शाखा
Nazib JNU

नई दिल्ली| जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के लापता छात्र नजीब की तलाश में सोमवार को दिल्ली पुलिस विश्वविद्यालय परिसर पहुंची। नजीब पिछले दो महीने से लापता है। इस दौरान पुलिस ने खोजी कुत्तों की सहायता से लापता नजीब का सुराग पाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों की तलाशी ली। छात्र के लापता होने के बाद उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिलने के कारण विश्वविद्यालय में लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।

पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) रवींद्र यादव ने कहा, “नजीब का सुराग पाने के लिए जेएनयू के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान जारी है, ताकि उसका पता लगाया जा सके।”

नजीब का कोई भी सुराग पाने में विफल होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की है। 15 अक्टूबर की रात लापता होने से पहले नजीब की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों के साथ नोकझोंक हुई थी। एबीवीपी ने हालांकि नजीब की गुमशुदगी में किसी प्रकार की संलिप्तता से इनकार किया है।

पुलिस ने नजीब का सुराग देने वाले को ईनाम की राशि पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी है।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने पुलिस को नजीब का पता लगाने के लिए पूरे विश्वविद्यालय को छान मारने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने यह भी कहा कि पुलिस जामिया मिलिया विश्वविद्यालय की भी तलाशी लेने के लिए स्वतंत्र है, जहां कथित तौर पर एक ऑटो रिक्शा चालक ने नजीब को छोड़ा था।

=>
=>
loading...