मुंबई। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की हाईप्रोफाइल शादी के बाद अब जल्द ही बॉलीवुड की ‘रामलीला’ की जोड़ी भी शादी के बंधन में बंध सकती है। दरअसल फेमस बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की शादी के चर्चाएं इन दिनों जोरों पर हैं। हाल ही में दीपिका ने अपनी शादी के कुछ प्लांस का खुलासा किया है।
कुछ दिनों पहले दीपिका एक चैट शो में गई थीं। हालांकि यह शो अबतक ऑन एयर नहीं हुआ है। इस शो की होस्ट बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा धूपिया थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शो के दौरान जब दीपिका से पूछा गया कि वो अपनी शादी में किस डिजाइनर का आउटफिट पहनेंगी तो उन्होंने तपाक से सब्यसाची का नाम ले लिया।
सब्यसाची वही ड्रेस डिजाइनर है जिसने इटली और मुंबई में हुई अनुष्का-विराट की हाईप्रोफाइल शादी की कई ड्रेसेज डिजाइन की थीं। वैसे अब तक दीपिका कई फैशन वीक में फेमस डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के कपड़ों को एन्डोर्स कर चुकी हैं।
वैसे रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की लव स्टोरी हमेशा बॉलीवुड में चर्चा का विषय रही है। हाल ही में दीपिका ने अपना 32वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया था। इस मौके पर रणवीर के पेरेंट्स की ओर से उन्हें डायमंड सेट भी गिफ्ट किया गया था। इन सारी बातों से तो यही लगता है कि दीपिका जल्द ही रणवीर के साथ सात फेरे लेने वाली हैं।