RegionalTop NewsUttar Pradesh

जब स्कूल में तेंदुए ने की चहलकदमी, हलक में अटकी जान

फाइल फोटो

यूपी की राजधानी लखनऊ के स्कूल में शनिवार को तेंदुआ घुसने से खलबली मच गई। सेंट फ्रांसिस स्कूल ठाकुरगंज ब्रांच में तेंदुए की खबर लगते ही इलाके के लोग दहशत में आ गए। छह घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम उसे ट्रेंकुलाइज कर काबू में कर सकी।

दरअसल, शनिवार को एक तेंदुआ जंगलों से भटक कर सेंट फ्रांसिस मूक बधिर स्कूल में घुस गया। स्कूल में सुबह की प्रार्थना के बाद बच्चे कक्षाओं में थे। सुबह करीब सवा दस बजे सीसीटीवी में तेंदुआ दिखने के बाद खलबली मच गई। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने हॉस्टल में 60 बच्चों को लॉक कर के तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर कई थाना की पुलिस और पीएसी पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी वन विभाग को भी दी।

एक घंटे के तलाश के बाद तेंदुआ स्कूल बिल्डिंग के बेसमेंट में नजर आया। इसके बाद टीम ने पिंजरे को बेसमेंट की एक गेट के सामने लगा दिया। दूसरे गेट को ब्लॉक कर तीन खिड़कियों के रास्ते तेंदुए को लोहे की रॉड से पुश किया जाने लगा।

घंटों तक यह कवायद चलती रही लेकिन तेंदुआ पिंजरे में नहीं हारा। थक-हारकर बेसमेंट की छत को ड्रिल मशीन से तोड़ा गया। उसके बाद वन विभाग की टीम ने एक-एक करके दो निशाने लगाए, जिसके बाद तेंदुआ ट्रेंकुलाइज कर काबू में आ सका। बाद में वन विभाग की टीम ने बेहोश तेंदुए को जाल में बांधा और पिंजरे में बंदकर लखनऊ जू के लिए रवाना हो गई।

=>
=>
loading...