Uttar Pradesh

देवरिया: थाने में विस्फोट, सिपाही के दोनों हाथ उड़े

लखनऊ। देवारिया जनपद के रामपुर कारखाना थाने में सोमवार को अचानक विस्फोट हो गया, जिससे आग ताप रहे सिपाही अजीत सिंह बुरी तरह घायल हो गए। धमाके के बाद उनके दोनों हाथ उड़ गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

फरियाद लेकर आए एक युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। थाने में विस्फोट होने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक राकेश शंकर ने पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि ठंड ज्यादा होने के चलते रामपुर कारखाना थाने में अलाव जलाया गया था। अलाव में थाने में रखा कबाड़ जलाया जा रहा था। दोपहर को थाने के सिपाही अजीत सिंह व फरियादी धर्मेद्र सिंह अलाव ताप रहे थे।

अचानक अलाव में विस्फोट हो गया और अजीत सिंह के दोनों हाथ उड़ गए और शरीर के कई हिस्से में चोट आई। धर्मेद्र को भी चोटें आईं। बताया जा रहा है कि दीपावली के समय पकड़े गए पटाखे थाने में रखे गये हैं। हो सकता है कि कोई पटाखा उस अलाव में पहुंच गया हो और फट गया।

उधर, कहा जा रहा है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस महकमे का कोई बड़ा अधिकारी उन्हें देखने वहां नहीं पहुंचा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH