लखनऊ। नवाबों के शहर लखनऊ यूं ही नहीं मशहूर है, यहां के व्यंजन, गंगा जमुनी तहजीब और यहां की इमारतें लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। यहां से बॉलीबुड की अभिनेत्री बिपाशा बासु का गहरा नाता है। लखनऊ की तहजीब और लजीज व्यंजनों की खुशबू उन्हें यहां खींच लाती है। वह यहां जब भी आती हैं तो मोतीचूर के लड्डू और लखनवी कबाब खाए बिना खुद को रोक नहीं पाती हैं।
बिपाशा की मां का ताल्लुक भी इसी शहर से है। उन्होंने कहा कि पुणे और लखनऊ की ऐतिहासिक इमारतें उन्हें बहुत पसंद हैं। यह बातें लखनऊ पहुंचीं बॉलीवुड अभिनेत्री बिपाशा बासु ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
अपने बोल्ड अभिनय के लिए मशहूर बिपाशा बासु की एक झलक देखने के लिए उनके फैंस की भीड़ लगी हुई थी। निजी सुरक्षा गार्ड से घिरीं बिपाशा बासु ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सुरक्षा घेरे से दूर हटकर उन्होंने अपने दर्शकों को ऑटोग्राफ दिए और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। ग्लोबल फैशन से बिपाशा बासु ने बताया कि वह शुरू से ही फैशन की तरफ आकर्षित रही हैं।
मॉडलिंग से बॉलीवुड में दमदार एक्टिंग में महारत हासिल करने के बाद बिपाशा बासु का दांपत्य जीवन बहुत ही खुशहाल चल रहा है। पत्रकारों से वार्ता में बताया कि इस बीच उन्होंने शादी करने का कोई विचार मन में नहीं बनाया था, लेकिन शादी के बाद उनका दापंत्य जीवन बहुत ही अच्छा चल रहा है।