मुख्य समाचार

खाद्यान संकट, ऊर्जा संकट और प्रस्तावित भारत–अमेरिका कृषि डील पर राष्ट्रीय सम्मेलन 24 अप्रैल को

रोज़गार सामाजिक अधिकार अभियान के तत्वाधान में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट और राष्ट्रीय किसान मंच द्वारा 24 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली स्थित गांधी पीस फाउंडेशन में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश की कृषि व्यवस्था के सामने खड़े गंभीर सवालों—खाद्यान संकट, ऊर्जा संकट और प्रस्तावित भारत–अमेरिका कृषि समझौते—पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

आयोजकों का मानना है कि वर्तमान समय में भारत की कृषि व्यवस्था कई स्तरों पर संकट का सामना कर रही है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, डीज़ल, बिजली और उर्वरकों की कीमतों में वृद्धि ने किसानों की उत्पादन लागत को अत्यधिक बढ़ा दिया है। दूसरी ओर जलवायु परिवर्तन, अस्थिर बाजार व्यवस्था और नीतिगत अनिश्चितता के कारण देश की खाद्य सुरक्षा को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

इसी संदर्भ में भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित कृषि समझौते को लेकर भी किसान संगठनों और विशेषज्ञों के बीच चिंता व्यक्त की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि यदि इस प्रकार के समझौते बिना व्यापक राष्ट्रीय विमर्श और किसानों के हितों की सुरक्षा के किए गए, तो इसका प्रतिकूल प्रभाव देश के छोटे और मध्यम किसानों पर पड़ सकता है।

विशेष रूप से दुग्ध क्षेत्र से जुड़े करोड़ों किसानों के सामने भविष्य में गंभीर चुनौतियाँ खड़ी हो सकती हैं। भारत विश्व के सबसे बड़े दुग्ध उत्पादक देशों में से एक है और देश के ग्रामीण परिवारों की आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत डेयरी क्षेत्र है। यदि विदेशी कृषि और डेयरी उत्पादों के लिए बाजार को व्यापक रूप से खोल दिया जाता है, तो से भारतीय दुग्ध किसानों की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति कमजोर हो सकती है। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से किसान संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, जन आंदोलनों से जुड़े नेता, बुद्धिजीवी तथा कृषि और आर्थिक नीति से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। कार्यक्रम में इन मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श के साथ-साथ किसानों के हितों की रक्षा, देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र में न्यायपूर्ण नीतियों की आवश्यकता पर चर्चा की जाएगी।

सम्मेलन का उद्देश्य केवल समस्याओं को रेखांकित करना नहीं है, बल्कि एक व्यापक राष्ट्रीय संवाद के माध्यम से ऐसी नीतिगत दिशा पर विचार करना है जो किसानों की आजीविका, देश की खाद्य संप्रभुता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सके। आयोजकों ने देश के किसानों, मजदूर संगठनों, सामाजिक आंदोलनों, बुद्धिजीवियों और चिंतित नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भाग लेकर किसानों के अधिकारों और देश की कृषि व्यवस्था के भविष्य पर चल रहे इस संवाद को मजबूत करें।

आयोजक:

ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट

राष्ट्रीय किसान मंच

Www.rashtriyakisanmanch.org

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH