Jobs & CareerTop News

UP B.Ed JEE 2026: प्रदेशभर में प्रवेश परीक्षा शुरू, 4.5 लाख से अधिक अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा

उत्तर प्रदेश में बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE) 2026 रविवार को शुरू हो गई। प्रदेशभर में आयोजित इस परीक्षा में करीब साढ़े चार लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को केंद्र के अंदर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा धातु (मेटल) की पानी की बोतलें भी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं है। परीक्षा संचालन से पहले अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। साथ ही उन्हें निर्धारित रिपोर्टिंग समय से कम से कम 30 से 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

निर्देशों के अनुसार परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा। उम्मीदवारों को ओएमआर शीट पर उत्तर केवल काले बॉलपॉइंट पेन से सही गोले को भरकर अंकित करना होगा। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा दिवस से जुड़े सभी नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके और परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH