Top NewsUttar Pradesh

कानपुर में 36,580 किलो असुरक्षित भुना चना बुलडोजर से नष्ट, जांच में मिली थी खतरनाक औरामिन डाई

कानपुर: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बड़ी कार्रवाई करते हुए 36,580 किलोग्राम असुरक्षित भुना चना नष्ट करा दिया। जांच में भुने चने में औरामिन डाई की मौजूदगी मिलने के बाद इसे मानव उपभोग के लिए असुरक्षित घोषित किया गया था। नष्ट किए गए चने की अनुमानित कीमत करीब 33.48 लाख रुपये बताई गई है। विभाग के मुताबिक, सीज किए गए भुने चने का विनष्टीकरण नगर निगम के भौंती स्थित डंपिंग यार्ड में तीन सदस्यीय समिति की निगरानी में पर्यावरण अनुकूल तरीके से कराया गया।

17 दिसंबर 2025 को सीज किया गया था चना

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 17 दिसंबर 2025 को कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में भुना चना सीज किया था। इसके बाद नमूने प्रयोगशाला भेजे गए, जहां जांच में औरामिन डाई की मौजूदगी सामने आई। रेफरल प्रयोगशाला की जांच में भी इस डाई की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित खाद्य सामग्री को असुरक्षित घोषित कर दिया गया।

कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई कार्रवाई

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय के मुताबिक, कानपुर नगर के न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-1 में ‘सरकार बनाम महेश कुमार गुप्ता’ से जुड़े दो मामलों में सीज सामग्री के विनष्टीकरण को लेकर 14 जुलाई 2026 को आदेश जारी किया गया था। आदेश के अनुपालन के लिए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद को समिति का सदस्य बनाया गया।

समिति ने पर्यावरण अनुकूल तरीके से सामग्री नष्ट कराने के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से दिशा-निर्देश मांगे। बोर्ड ने दो पंजीकृत एजेंसियों की जानकारी उपलब्ध कराई। हालांकि, संबंधित फर्म को विनष्टीकरण के लिए 40 रुपये प्रति किलो का शुल्क बताया गया, जिसे फर्म ने अधिक बताते हुए भुगतान करने में असमर्थता जताई। इसके बाद नगर निगम से संपर्क किया गया और भौंती स्थित डंपिंग यार्ड में विनष्टीकरण की व्यवस्था की गई।

सील की जांच के बाद नष्ट कराया गया चना

विनष्टीकरण से पहले समिति ने मौके पर पहुंचकर सीज सामग्री पर लगी सील की जांच और सत्यापन किया। सील सही पाए जाने के बाद नियमानुसार उसे हटाकर सामग्री को विनष्टीकरण के लिए अवमुक्त किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ भुना चना चूहों से क्षतिग्रस्त भी मिला। इसके बाद उपलब्ध 36,580 किलो भुना चना को 23 अगस्त 2026 को भौंती स्थित नगर निगम के डंपिंग यार्ड में नगर निगम से अनुबंधित फर्म मेसर्स एनवायरमेंटल टेक्नो, आगरा के माध्यम से नष्ट कराया गया। विभाग ने बताया कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश और निर्धारित नियमों के तहत की गई।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH