दिल्लीः भारत नगर इलाके में शराब पीने के लिए दो सौ रुपये नहीं देने पर एक युवक पर उसके दोस्त ने चाकू से हमला कर दिया। सिर में चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाव करने के दौरान हमलावर का साथी भी घायल हो गया। युवक को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित के बयान पर पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। घायल युवक की पहचान संगम पार्क निवासी चिराग(22) के रूप में हुई है। वह जिम ट्रेनर का काम करता था। कोविड के दौरान उसकी नौकरी छुट गई। उसके बाद वह घर पर ही रहता है। उसके पिता दिल्ली नगर निगम में काम करते हैं।
चिराग ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात को वह अपने दोस्त विक्की के साथ शराब पी रहा था। देर रात करीब दो बजे वह विक्की को छोडने के लिए जा रहा था। अंडरपास के पास बाइक से उसके दोस्त कबीर नगर निवासी सोनू और मनीष आ रहे थे।
चिराग को देखते ही मनीष ने अपनी बाइक उसके सामने लगा दी। दोनों शराब के नशे में धुत थे। सोनू चिराग से शराब पीने के लिए दो सौ रुपये मांगने लगा। चिराग के पैसे देने से मना करने पर दोनों बाइक से उतरकर चिराग के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर सोनू ने चाकू निकाल लिया और चिराग पर चाकू से हमला कर दिया।
बचाव करने के बावजूद चिराग के सिर में चाकू लगा।
हमलावरों ने दोबारा उसपर हमला करने लगे। इस दौरान बीच बचाव करने पर मनीष के हाथ में चाकू लग गया। खून निकलने पर दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। चिराग का दोस्त विक्की भी भाग गया। चिराग किसी तरह से अपने घर पर पहुंचा और एक दोस्त की मदद से बाड़ा हिंदुराव अस्पताल पहुंचा।
अस्पताल से घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस वहां पहुंची और चिराग के बयान पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।




