लखनऊः ‘देवों के देव महादेव’ में पार्वती का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री सोनारिका भदोरिया ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सोनारिका ने बताया कि उन्होंने एक सीरियल में काम किया था और उसकी फीस उन्हें अभी तक नहीं मिली है। ये बात साल 2018 की है। यही नहीं सीरियल से जुड़े दूसरे कास्ट और क्रू का पैसा भी अटका पड़ा हुआ है। अब बस वह यह चाहती हैं कि उनका पैसा जल्दी से जल्दी मिल जाए। उनका कहना है कि वह उनके करियर का सबसे बुरा वक्त था। पहले कोरोना की मार और फिर पेमेंट नहीं मिलने से मुश्किलें बढ़ी हैं।

सोनारिका आखिरी बार सीरियल ‘इश्क में मरजावां‘ में नजर आई थीं। वह काफी समय से छोटे पर्दे से गायब हैं। ई-टाइम्स से बात करते हुए सोनारिका ने बताया कि उन्होंने टीवी सीरियल ‘दास्तां-ए-मोहब्बत: सलीम अनारकली‘ की थी। इसमें काम करने के उनके करीब 70 लाख रुपये अटके पड़े हैं।

सोनारिका ने कहा, ‘3 साल हो गए और मुझे अभी भी मेरे बकाए का भुगतान नहीं किया गया है। इस शो में मेरे अलावा दूसरे एक्टर्स और टेक्नीशियंस के पैसे भी नहीं मिले हैं। पहले कोविड-19 की पहली लहर ने हम पर असर डाला और फिर पैसे नहीं मिलने का मुद्दा था। हम एक्टर्स की जिंदगी हर रोज कुंआ खोदकर पानी पीने जैसा है।‘

सोनारिका ने कहा कि ‘मुझे उम्मीद है जल्दी ही मुझे पेमेंट कर दिया जाएगा। मेरी ओर से सभी कानूनी फॉर्मल्टीज और पेपरवर्क कर लिया गया है।‘





