EntertainmentTop News

‘कृष्णावतारम’ की सफलता के बीच प्रेमानंद महाराज के दरबार पहुंचे सिद्धार्थ गुप्ता

एक्टर सिद्धार्थ गुप्ता अपनी नई फिल्म कृष्णवताराम की रिलीज के बाद लगातार चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और बॉक्स ऑफिस पर भी यह बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच सिद्धार्थ गुप्ता ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट में वह प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। भगवान कृष्ण की भूमिका निभाकर सुर्खियां बटोर रहे सिद्धार्थ ने बताया कि फिल्म रिलीज से पहले वह अपनी मां की इच्छा पूरी करने वृंदावन पहुंचे थे। उन्होंने परिवार के साथ प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।

सिद्धार्थ गुप्ता ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि जब उन्हें ‘कृष्णावतारम’ में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने के लिए चुना गया, तब उनकी मां की सिर्फ एक ही इच्छा थी कि फिल्म रिलीज से पहले वह प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद जरूर लें। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें नहीं पता था कि यह कैसे संभव होगा, लेकिन कुछ दुआएं अपना रास्ता खुद बना लेती हैं।

एक्टर ने आगे लिखा कि फिल्म की सफलता भगवान कृष्ण की कृपा, पूरी टीम की मेहनत और विश्वास का परिणाम है। इसी वजह से उन्हें वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से व्यक्तिगत रूप से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने महाराज को फिल्म का ट्रेलर भी दिखाया और ‘कृष्णावतारम’ के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। सिद्धार्थ ने इस मुलाकात को अपनी जिंदगी का बेहद खास पल बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक मुलाकात नहीं थी, बल्कि उनकी मां की दुआ और एक ऐसा आशीर्वाद था जिसे वह जिंदगी भर अपने साथ रखेंगे। पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय श्री कृष्ण’ लिखते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH