पटना। बिहार के सिवान जिले के हुसैनगंज थाने में तैनात दरोगा की हीट स्ट्रोक की वजह से मौत हो गई। गर्मी से तबियत खराब होने के बाद उन्हें इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
10 दिन पहले पीटीसी दरोगा मोहम्मद कलामुद्दीन ने हुसैनगंज थाने में ड्यूटी ज्वॉइन किया था। दो दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। रविवार की रात जब वह अपने कमरे में सो रहे थे, तब कुक खाना लेकर रात करीब 10:00 बजे उनके पास गया। इस दौरान उसने देखा कि उनका शरीर काफी ज्यादा हीट कर रहा था। इसके बाद आनन-फानन में हुसैनगंज थाना से इन्हें सिवान के सदर अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति को नाजुक बताया और उन्हें तुरंत प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मौत के बाद घटना की जानकारी रोहतास में इनके परिवार वालों को दी गई है।




