केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को जानकारी दी कि NCB (एनसीबी) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मुंबई में भारी मात्रा में कोकीन बरामद की है। एजेंसी ने 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,745 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए शाह ने कहा कि सरकार ड्रग कार्टेल को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने एनसीबी की इस कार्रवाई को “नीचे से ऊपर” रणनीति की बड़ी सफलता बताया, जिसमें एक छोटी खेप की जांच करते हुए पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा किया गया।
बताया जा रहा है कि यह बड़ी जब्ती ड्रग तस्कर सलीम डोलाकी गिरफ्तारी के बाद हुई है, जिसे हाल ही में तुर्की से भारत लाया गया था। सलीम डोला का नाम अंतरराष्ट्रीय आतंकी दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी के तौर पर सामने आता रहा है। एनसीबी की इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।




