NationalTop News

दिल्ली में फिर लौटी कोरोना पाबंदियां, बिना मास्क पकड़े गए तो 500 रु जुर्माना

नई दिल्ली। कोरोना के बढ़ते केसों के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक स्थानों पर एक बार फिर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। नियम का उल्लंघन करने वालों से 500 रुपए जुर्माना वसूल किया जाएगा। हालांकि, कार में सफर करने वालों को इससे छूट मिलेगी। बता दें कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। ना सिर्फ कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है, बल्कि मौतें भी अधिक हो रही हैं। अगस्त के पहले 10 दिनों में 40 लोगों की मौत हुई है, जबकि जुलाई के आखिरी 10 दिन में 14 लोगों की जान गई थी।

दिल्ली में 1 अगस्त को 2, 2 अगस्त को 3, 3 अगस्त को 5, 4 अगस्त को 4, 5 अगस्त को 2, 6 अगस्त को एक, 7 अगस्त को 2, 8 अगस्त को 6, 9 अगस्त को 7 और 10 अगस्त को 8 मौतें दर्ज की गईं। 10 अगस्त को हुई मौतें पिछले 180 दिन में सर्वाधिक हैं। दिल्ली में कोविड के कारण 26,351 लोगों की जान जा चुकी है।

राष्ट्रीय राजधानी में पिछले एक हफ्ते में संक्रमण के मामले बढ़े हैं। संक्रमण के कारण होने वाली मौतें भी बढ़ रही हैं। हालांकि विशेषज्ञों और अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण के कारण उन्हीं लोगों की जान जा रही है जो पहले से किसी बीमारी से पीड़ित हैं या जिन्हें कैंसर, टीबी या कोई अन्य गंभीर बीमारी है। एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि मौतों के अधिकतर मामलों में मरीज संयोग से कोविड से पीड़ित था, जबकि अन्य बीमारियों का उसका इलाज पहले से ही चल रहा था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH