मुंबई। रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही है। 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म 26 दिनों बाद भी सिनेमाघरों में शानदार कमाई कर रही है और कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है। फिल्म ने रिलीज के 26वें दिन यानी चौथे सोमवार को 5.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि रविवार के 14.50 करोड़ रुपये के मुकाबले इसमें 64% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की कुल कमाई पर खास असर नहीं पड़ा।
अब तक भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 1088.62 करोड़ रुपये पहुंच चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 1303.37 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं ओवरसीज में फिल्म ने 415.25 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसी के साथ ‘धुरंधर 2’ का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1718.62 करोड़ रुपये हो गया है। चौथे वीकेंड पर फिल्म ने 32.25 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। वहीं चौथे हफ्ते में 40.2 करोड़ रुपये की कमाई के साथ इसने बड़ी फिल्मों को पछाड़ दिया है।
‘धुरंधर 2’ ने जवान (34.53 करोड़) और स्त्री 2 (36.10 करोड़) को पीछे छोड़ते हुए चौथे हफ्ते में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। अब फिल्म की नजर छावा, पुष्पा 2: द रूल और इसकी प्रीक्वल धुरंधर के रिकॉर्ड पर है। ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के साथ ही 43 करोड़ के पेड प्रीव्यू से इतिहास रचा था। इसके बाद फिल्म ने लगातार कमाई करते हुए 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है।
2026 की टॉप 5 फिल्में (नेट कलेक्शन)
‘धुरंधर 2’ – 1088.62 करोड़ रुपये
बॉर्डर 2 – 329.43 करोड़ रुपये
माना शंकरवरप्रसाद गारू – 218.44 करोड़ रुपये
द राजा साहब – 146.04 करोड़ रुपये
वाझा 2: बायोपिक ऑफ ए बिलियन ब्रदर्स – 82.50 करोड़ रुपये
आगे भी जारी रह सकता है रिकॉर्ड का सिलसिला
ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कमाई की रफ्तार को देखते हुए आने वाले दिनों में यह कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है। फिलहाल ‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा कायम है।




